Domino’s gave a big gift in the festive season
नई दिल्ली. पॉपुलर पिज्जा चेन Domino’s ने भारतीय बाजार में अपने लार्ज पिज्जा रेंज की कीमत को लगभग आधा कर दिया है. एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक लार्ज वेजिटेरियन पिज्जा (Large Veg Pizza) की कीमत 799 रुपये से घटाकर 499 रुपये और नॉन-वेज लार्ज पिज्जा (Non-Veg Large Pizza) की कीमत 919 रुपये से घटाकर 549 रुपये तक कर दी है. इसी मीडिया रिपोर्ट में कीमत घटाने की वजह भारतीय बाजार में बढ़ रहे कंपीटिशन को बताया गया है. यह रिपोर्ट 4 अक्टूबर को पब्लिश हुई थी. हालांकि, इसके बाद जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (Jubilant Foodworks Ltd.) ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए बताया कि फिलहाल कीमतें घटाई जरूर गई हैं, लेकिन इसका कारण कंपीटिशन नहीं है.
भारत में डोमिनोज़ का काम संभालने वाली कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स ने कहा कि कंपनी ने लार्ज पिज्जा की कीमतों को घटाया नहीं है. कंपनी समय-समय पर अपने ग्राहकों को स्पेशल ऑफर देती रहती है. यह कंपनी की सेल्स और प्रोमोशन की एक रणनीति है. इससे पहले कंपनी ने कुछ खास क्रिकेट मैच के दिनों में चुनिंदा लार्ज साइज पिज्जा पर ऑफर दिया था. इसी तरह के ऑफर भविष्य में भी खास मौकों पर दिए जाते रहेंगे.
बता दें कि इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट में लिखा गया था कि Domino’s द्वारा पिछले हफ्ते अपने सब्सक्राइबर्स को मैजेस कर जानकारी दी गई है कि लार्ज पिज्जा की कीमत अब कम हो गई है. इसी रिपोर्ट में पुरानी और नई कीमतों के बारे में भी बताया गया था.
दैनिक अखबार की रिपोर्ट में डोमिनोज के रेट्स को कम करने का कारण बाजार में प्रतिस्पर्धा को बताया गया था. हालांकि यह बात सच भी है कि भारतीय बाजार में पिज्जा सेगमेंट काफी कंपीटीटिव हो गया है. छोटे और नए प्लेयर आए हैं, जैसे कि Tossin, GoPizza, Leo’s Pizzeria, MojoPizza, Ovenstory और La Pino’z. इनके आने से अब ग्राहकों के पास पहले से ज्यादा विकल्प मौजूद हैं.
तेजी से बदल रहा है FMCG सेक्टर
फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) सेक्टर के बदलते ट्रेंड में देखा गया है कि कीमतों में कटौती करके अथवा डिस्काउंट ऑफर देकर अपने स्थायी ग्राहकों को रिवार्ड दिया जाता है. इस सेक्टर में छोटे प्लेयर्स बड़े ब्रांड्स को प्राइस में टक्कर दे रहे हैं और कुछ बाजारों में तो बड़े खिलाड़ी पिछड़ गए हैं. इसलिए बाजार में बने रहने के लिए नई तरह की रणनीतियों पर काम किया जा रहा है, जिनमें से एक है कीमतों में कटौती किया जाना.
बता दें कि खबर लिखे जाने की तारीख (5 अक्टूबर) को डोमिनोज़ की बेवसाइट पर कुछ ऑफर देखने को मिले. Domino’s इंडिया ने अपने ग्राहकों के लिए एवरीडे वैल्यू ऑफर पेश किए हैं. Howzzat50 ऑफर के जरिए ग्राहकों को पिज्जा पर 50% तक छूट भी दी जा रही है.
Howzzat50 ऑफर खास तौर पर क्रिकेट प्रेमियों को रिझाने के लिए है. इस बार भारत में ODI वर्ल्ड कप के मैचों की मेजबानी के चलते फास्ट फूड की डिमांड काफी ज्यादा रहने की उम्मीद जताई जा रही है. ऐसे में Domino’s India भी नए-नए ऑफर्स के साथ तैयार है.
